ग्रेटर फरीदाबाद में बनेंगे चार फोर लेन पुल,आसपास की इन काॅलोनियों को होगा फायदा

फरीदाबाद:- शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। ऐतमादपुर से मावई के बीच फोर लेने के चार पुल बनाए जाएंगे। इनके बनने से दिल्ली के कालिंदीकुंज से आईएमटी बल्लभगढ़ आने जाने में लोगों को सुविधा होगी। करीब 16.92 करोड़ की लागत से बनने वाला ये पुल दिसंबर माह तक बनकर तैयार हो जाएगा। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बनने वाले पुल का शिलान्यास किया।

चारों पुल के बन जाने से फरीदाबाद से कालिंदी कुंज होते हुए नोएडा अथवा सरिता विहार आने जाने वाले करीब तीन लाख से अधिक लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। इस सड़क पर संकरे पुल को बनाने की मांग काफी समय से स्थानीय लोगों एवं निगम पार्षद द्वारा की जा रही थी।

अभी पुलों की ये है हालत

वार्ड 26 के निगम पार्षद अजय बैसला ने बताया कि ऐतमादपुर से मावई के बीच चार स्थानों ऐतमादपुर बुढ़िया नाला, मावई फरीदाबाद ड्रेन, छांयसा ड्रेन और बुढ़िया नाला पर पुल बने हैं। लेकिन ये सभी एक लेन के हैं। जबकि इस रोड से रोजाना लाखों वाहनेां का नोएडा दिल्ली आना जाना होता है। पुल संकरा होने से पीक आवर्स में जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में लोगों को फरीदाबाद से कालिंदीकुंज पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय लग जाता है।

पुल बनने के बाद 30 मिनट में सफर होगा तय

अजय बैसला ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा बनवाए जाने वाले इन पुलाें के बनने के बाद शहरवासी आगरा कैनाल के सहारे कालिंदी कुंज दिल्ली से आईएमटी बल्लभगढ़ महज 30 मिनट में सफर पूरा कर सकेंगे। लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि इन पुलों के बनने से ग्रेटर फरीदाबाद और उसके आसपास की कॉलोनी के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। जानकारों की मानें तो अभी इस रोड से रोजाना दिल्ली अथवा नोएडा करीब तीन लाख से अधिक वाहन चालकों का आना जाना होता है।

मंत्री बोले, आने वाले समय में सड़क भी होगी फोर लेन की

केंद्रीय राज्यमंत्री ने पुल का शिलान्यास करने के बाद कहा कि अभी संकरा रास्ता होने की वजह से यहां लोग घंटों जाम में फसे रहते हैं। कई बार जल्दी निकलने के चक्कर में लोग यहां दुर्घटना के भी शिकार होकर नाले में गिर जाते हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह सड़क दो लेन की है। लेकिन हम पुल लेन के बनवा रहे हैं। क्योंकि सरकार आगे के 20 साल को सोच कर चल रही है। आने वाले समय में जब यह सड़क फोरलेन बनेगी, तो पुल पहले से ही फोरलेन बन चुके होंगे।

जेवर एयरपोर्ट से भी जुड़ेगा ये मार्ग

उन्होंने कहा कि अब इस इलाके के लिए नया हाईवे निकल गया है। यहां से नोएडा, दिल्ली सिर्फ 20 से 30 मिनट की दूरी पर रह जाएंगे। अगले 2 साल में इसी हाईवे को जेवर से जोड़ दिया जाएगा। ताकि शहर के लोग आधे घंटे में जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।

Related posts

Leave a Comment