Delhi Lockdown: दिल्ली में एक हफ्ता और बढ़ा लॉकडाउन, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की घोषणा

Delhi Lockdown: दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक हफ्ता और लॉकडाउन (Lockdown) बढ़ा दिया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। बता दें कि, इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 19 अप्रैल को छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी, जो 25 अप्रैल तक रहा। इसके बाद सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके 25 अप्रैल को लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद आज शनिवार (1 मई) को एक बार दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ाया गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि हमारे पास 4.5 लाख वैक्सीन आ गई हैं, सारे ज़िलों में वैक्सीन बांट रहे हैं। दिल्ली में परसों (3 मई) सुबह से बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन शुरू होगा। मेरी सब लोगों से अपील है कि बिना रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट के नहीं आएं। ऑक्सीजन की बहुत परेशानी हो रही है। दिल्ली को ​एक दिन में 976 टन ऑक्सीजन की जरूरत है और हमें 490 टन ऑक्सीजन आवंटित की गई है, कल केवल 312 टन ऑक्सीजन आई है। हमें आज ऑक्सीजन मिल जाए तो दिल्ली में 24 घंटे में 9,000 ऑक्सीजन बेड तैयार हो जाएंगे।

दिल्ली में कोरोना (Delhi Coronavirus) के मामलों में फिलहाल कोई कमी होती नजर नहीं आ रही है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में शुक्रवार (30 अप्रैल) को कोरोना वायरस के 27047 नए मामले आए जबकि 375 और मरीजों की मौत दर्ज की गई। वहीं दिल्ली में बीते 24 घंटे में 25,288 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामले 99,361 तक पहुंच गए हैं। दिल्ली में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 32.69 प्रतिशत पर पहुंच गया है। दिल्ली में अब तक 11,49,333 कोरोना मरीज सामने आ चुके हैं।

Related posts

Leave a Comment