सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले की इस घटना से लोग हैरान हैं, जहां दो नाबालिग बहनों का रेप किया और कीटनाशक पीने को मजबूर किया, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. कुंडली पुलिस स्टेशन के एसएचओ रवि कुमार ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सभी चारों युवकों की उम्र 22 से 25 साल के बीच है और वे सभी पीड़ित लड़कियों के बगल के किराये के कमरे में रहते थे. पुलिस के मुताबिक, 5 औऱ 6 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी जबरन उनके घर में घुसे और उनकी मां को धमकाया. चारों युवकों ने उन दोनों बहनों का रेप किया और फिर कीटनाशक पीने को मजबूर किया. जब लड़कियों की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपियों ने उसकी मां से यह कहने को कहा कि लड़कियों को सांप ने काट खाया है. इस कारण उनकी हालत खराब है. लड़कियों को दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनमें से एक लड़की को डॉक्टरों ने तुरंत मृत घोषित कर दिया. जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई
हरियाणा में 4 युवकों ने नाबालिग बहनों का रेप किया, फिर कीटनाशक पीने को किया मजबूर
