दिल्ली. केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के खिलाफ किसानों का आंदोलन (Farmers Protest) लगातार 11वें दिन जारी है. इस बीच दिल्ली पुलिस ने किसानों के चक्का जाम की वजह से कई रूट डायवर्ट कर दिए हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) के मुताबिक, किसान विरोध के कारण चिल्ला बॉर्डर (दोनों कैरिजवे) यातायात के लिए बंद है. इसके अलावा गाजियाबाद से दिल्ली की तरफ आने वाले एनएच-24 को गाजीपुर बॉर्डर पर बंद कर दिया गया है. यही नहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मुकरबा और जीटीके रोड से भी ट्रैफिक डायवर्ट किया है. वहीं, बाहरी रिंग रोड, जीटीके रोड, एनएच-44 से बचने की सलाह दी है.
इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सिंघू, औचंदी, पियाओ मनियारी, मंगेश बॉर्डर बंद और एनएच-44 को भी दोनों तरफ बंद से होने की जानकारी दी है. इसके साथ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि लामपुर, सफियाबाद, सबोली, एनएच 8 / भोपड़ा / अप्सरा सीमा / पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग लें.
यही नहीं, दिल्ली और नोएडा बॉर्डर (कालिंदी कुंज) पर किसानों को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करके बैरिकेडिंग लगा दी गई है. जब पुलिस ने किसानों को बैरिकेडिंग से आगे नहीं बढ़ने दिया तो वह सड़क पर बैठकर विरोध कर रहे हैं. इस दौरान वह मोदी और योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, यहां भी ट्रैफिक काफी धीमे चल रहा है. जबकि दिल्ली को दूसरे राज्य से जोड़ने वाले बॉर्डर बंद होने की वजह से यात्रियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
