दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया है। शनिवार को दिल्ली चुनाव के नतीजे भी सामने आ गए, जिसमें जनता का आशीर्वाद भाजपा को पूर्ण बहुमत के रूप में मिला है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं अब जीत के बाद भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है। भाजपा के नेता एलजी से मुलाकात कर दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। देशभर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जीत के जश्न में डूबे हुए नजर आ रहे हैं।
कौन होगा दिल्ली का सीएम?
वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद, बीजेपी का आलाकमान मुख्यमंत्री के चेहरे पर विचार कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। फिलहाल जो नाम सीएम पद के लिए रेस में आगे चल रहे हैं उनमें पहला नाम प्रवेश वर्मा का है, क्योंकि उन्होंने ही नई दिल्ली की सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। हालांकि अगर बीजेपी किसी सिख चेहरे को प्रोमोट करती है तो मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम सामने आ रहा है। वहीं वीरेन्द्र सचदेवा का नाम भी मुख्यमंत्री पद की रेस में है।
