ओमिक्रॉन ने फिर बढ़ाई मुसीबत, लगी पाबंदियां, 7 राज्यों में नाइट-कर्फ्यू, क्या लगेगा अब लॉकडाउन

दिल्ली: देश एक बार फिर से कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पाबंदियों की ओर लौट चला है। करीब सात राज्यों ने नाइट-कर्फ्यू लागू कर दिया है। यानी सिर्फ इस दौरान आवश्यक आवागमन ही जारी होंगे। सार्वजनिक समारोह पर भी कई तरह की पाबंदियां लगाई गई है। जिस तरह से देश में दर्ज हो रहे कोरोना के दैनिक मामलों में उछाल देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र, दिल्ली समेत कई राज्य में कोरोना के मामले 6 महीने बाद तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, ओमिक्रॉन के मामले में महानगर सरीखे कई राज्यों में तेजी के साथ हर रोज दर्ज किये जा रहे हैं।

ओमिक्रॉन 19 राज्य-केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 598 हो गई है। ओमिक्रॉन संक्रमितों के मामले में दिल्ली ने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली 142 मामलों के साथ सबसे ऊपर आ गया है वहीं महाराष्ट्र 141 संक्रमितों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। कोविड -19 और इसके ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए, कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात और मध्य प्रदेश ने रात में कर्फ्यू और कोविड प्रोटोकॉल की नई गाइडलाइन लागू कर दी है।

दिल्ली ओमिक्रॉन और कोरोना के दैनिक मामलों में तेजी से साथ बढ़ते संक्रमण दर को देखते हुए राजधानी दिल्ली में भी आज से नाइट-कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इसके चलते क्रिसमस के जश्न पर पाबंदी रही। वहीं, नए साल के जश्न पर पाबंदी लगा दी गई है। रेस्टोरेंट और होटलों में ज्यादा भीड़ इकट्ठी होने पर भी मनाही है। इसके साथ ही कई प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। वहीं, शादियों में 200 लोगों की अनुमति होगी। दिल्ली में ओमिक्रॉन के मामले महाराष्ट्र से अधिक दर्ज हुए हैं।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तरह कोरोना केस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। एहतियातन सीएम शिवराज सिंह चौहान सरकार ने राज्य में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। राज्य के सभी शहरों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। वैक्सीन के दोनों डोज लेने वाले 18 साल से ऊपर के लोगों को ही सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल, क्लब, स्टेडियम में एंट्री मिलेगी। सरकारी कर्मचारियों को दोनों डोज अनिवार्य कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी 25 दिसंबर से रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही शादियों में भी 200 से ज्यादा लोगों के शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।

कर्नाटक
कर्नाटक में होटलों और पब में नए साल को देखते हुए प्रतिबंध लागू किए गए हैं। होटलों, रेस्टोरेंट और पब में 50 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पाबंदी लागू की गई है। कर्नाटक सरकार ने नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक 10 दिनों के लिए लागू कर दिया है।

गुजरात
गुजरात सरकार ने भी नाइट कर्फ्यू को आगे तक बढ़ा दिया है। जिम और रेस्तरां 75 प्रतिशत क्षमता पर काम कर सकते हैं, जबकि सिनेमा हॉल में 100 प्रतिशत क्षमता की अनुमति है।

महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई जिलों में कोरोना के मामले अचनाक से बढ़ने लगे हैं। एहतियातन पूरे राज्य में धारा 144 लागू की गई है। केवल पूर्ण टीकाकरण वाले लोगों को ही दुकानों या सार्वजनिक परिवहन में प्रवेश करने की अनुमति दी गई है। राज्य में नाइट कर्फ्यू भी लागू किया गया है।

हरियाणा
हरियाणा में भी अब तक चार ओमिक्रॉन के मामले दर्ज किये गए हैं। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने भी राज्य में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। वहीं, पिछले दिनों गृह मंत्री अनिल विज ने आदेश जारी कर कहा था कि जो लोग वैक्सीन की दोनों डोज लिये होंगे उन्हें ही सार्वजनिक जगहों पर नए साल के बाद जाने की अनुमति होगी।

Related posts

Leave a Comment