मुरादाबाद की बुद्धि विहार कॉलोनी में बुधवार की शाम पांच बजे चार साल की बच्ची ने वीडियो कॉल कर फंदे पर लटका मां का शव अपनी नानी को दिखाया तो उनके होश हड़ गए। मासूम ने बताया कि पापा ने मम्मी को लटकाया है। मम्मी बात नहीं कर रही हैं।
मृतका के मायके वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और खुद भी गाजियाबाद से आ गए। उन्होंने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है।
गाजियाबाद के मुरादनगर के जलालपुर निवासी रूबी रानी (35) की शादी 2019 में गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी रोहित कुमार के साथ हुई थी। रूबी कुंदरकी ब्लॉक के भीकनपुर कुलवाड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं।
रोहित निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह घर से ऑफिस का काम करते हैं। रूबी बुद्धि विहार में अपने पति और चार साल की बेटी ओजस्वी के साथ किराये के मकान में रहती थीं।
मृतका के मायके वालों के अनुसार बुधवार शाम करीब पांच बजे ओजस्वी ने अपनी नानी को वीडियो कॉल की। उसने नानी को बताया कि मम्मी फंदे पर लटकी हैं। वह उससे बात नहीं कर रही हैं। मायके वालों ने रूबी का शव फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए।