महागठबंधन की बैठक से पहले सम्राट चौधरी का हमला; लालू से लड़ना है, बिहार में नीतीश कुमार कोई फैक्टर है नहीं

बिहार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर महागठबंधन पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने लालू प्रसाद यादव और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा है। उनका कहना है कि बिहार में महागठबंधन जैसी कोई चीज ही नहीं है।

भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने एक साक्षात्कार में कहा कि देखिए महागठबंधन नाम की कोई चीज बिहार में है नहीं। लालू जी से लड़ना है। लालू जी से लड़ेंगे, नीतीश कुमार बिहार की राजनीति में कोई फैक्टर है नहीं।बिहार में 40 की 40 सीट जीतेंगे। लालू की अराजकता को बिहार ने देखा है, क्योंकि नीतीश कुमार अब कोई फैक्टर नहीं हैं इसलिए बिहार की राजनीति में कोई बहुत बड़ी लड़ाई होना नहीं है।

बता दें कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पटना में हुए लाठीचार्ज और उस दौरान हुई भाजपा नेता विजय सिंह की मौत को लेकर बिहार में सियासी माहौल गर्म है।

बेंगलुरु में 17 जुलाई और 18 जुलाई को महागठबंधन की बैठक होने जा रही है। इस बीच सम्राट चौधरी के इस ताजा बयान से राजनीति के जानकार साल 2024 के चुनाव के लिए माहौल बनाने से जोड़कर देख रहे हैं।

उधर, जहानाबाद में भाजपा जिला महामंत्री विजय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रविवार को आयोजित सभा में भी सम्राट चौधरी ने निशाना साधा।सम्राट चौधरी ने कहा कि हमें पीड़ा है, घर का सबसे वरिष्ठ सदस्य और परिवार का अंग टूट गया है। नीतीश सरकार ने भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता विजय सिंह की लाठी से पीटकर हत्या कर दी।

विधानसभा मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज बर्दाश्त करने लायक नहीं है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि आगामी चुनाव में वोट की चोट से इसका बदला लेकर हत्यारी सरकार को गद्दी से उखाड़ फेंकेंगे।

उन्होंने कहा कि विजय सिंह के परिवार को भाजपा गोद ले चुकी है। फिलहाल 15 लाख रुपये की छोटी सहायता राशि दी गई है। आगे और भी मदद की जाएगी। भाजपा परिवार की चिंता सदा करती रहेगी।

विजय सिंह के बेटे को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा, पूर्व मंत्री संतोष कुमार सुमन, राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर, एमएलसी प्रमोद चंद्रवंशी, पूर्व विधायक मनोज कुमार, पूर्व विधायक चितरंजन कुमार, पूर्व एमएलसी राधामोहन सिंह पहुंचे थे।

Related posts

Leave a Comment