7 घंटे तक 5 साल के बच्चे को कार में छोड़कर गई सौतेली मां, वापस लेने आई तो हो चुकी थी मौत

आपने ऐसी कई खबरें पढ़ी और सुनी होंगी कि माता-पिता अपने बच्चे को कार में छोड़कर चले गए जिससे उनकी मौत हो गई। ऐसा ही एक मामला अमेरिका से सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने 5 साल के सौतेले बेटे को 7 घंटे के लिए कार में छोड़कर चली गई। जिससे बच्चे की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है।

गर्मी की वजह से कार गरम हो गई थी
मीडिया में चली ख़बरों के मुताबिक 40 वर्षीय जुआनिता पिनन अमेरिका के ओमाहा में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। एक दिन महिला अपने साथ में 5 साल के बेटे डायोनिसियो पेरेज को लेकर आई। उसने पार्किंग में अपनी SUV खड़ी की और उसी में अपने बेटे को छोड़कर ब्यूटी पार्लर चली गई। बच्चा करीब 7 घंटे तक कार में बैठा रहा। भीषण गर्मी की वजह कार काफी गर्म हो गई थी, जिसमें वह बच्चा बैठा हुआ था। जब सौतेली मां लौटी तो देखा कि उसके बच्चे को तेज बुखार है। उसने अपने बच्चे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के शरीर का तापमान 105 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर बाल शोषण का आरोप लगाया गया है। जिसके लिए उसे 2 मिलियन डॉलर का मुचलका भरना है। उसकी अगली अदालत में पेशी 16 अगस्त को होगी। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, महिला की देखभाल में पाँच अन्य बच्चे भी थे। अगर वह इस मामले में दोषी पाई गई तो उसे 20 साल जेल की सजा हो सकती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे की मौत दुर्घटना से हुई या फिर जानबूझकर की गई। सौतेली मां का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसे 2016 में धोखाधड़ी और चोरी के मामले में दोषी पाया गया था।

बेटे की मौत के बाद बेटी की कस्टडी के लिए कोशिश कर रहा पिता
बच्चे की मौत के बाद उसके पिता पाब्लो लोपेज़ ने कहा कि मेरा बेटा उसके साथ ही रहता था और हमें यह आश्वासन दिया गया था कि वह सुरक्षित हाथों में है। बच्चे के पिता पाब्लो लोपेज कंक्रीट का बिजनेस करते हैं। अपने बेटे को खोने के बाद, पाब्लो लोपेज़ पेरेज़ की जुड़वां बहनों की कस्टडी पाने की कोशिश कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment