स्पाइसजेट के विमान से उतारे गए दो यात्री, केबिन क्रू के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप

दिल्ली :- स्पाइसजेट ने सोमवार को जानकारी दी है कि उसके एक वेट-लीज्ड कोरेंडन विमान को एसजी-8133 (दिल्ली-हैदराबाद) के लिए निर्धारित किया गया था। दिल्ली में बोर्डिंग के दौरान एक यात्री ने अनियंत्रित और अनुचित तरीके से व्यवहार किया। यात्री ने केबिन क्रू को परेशान किया। केबिन क्रू ने पीआईसी और सुरक्षा कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। उक्त यात्री और उसके यात्रा कर रहे एक सहयात्री को उतारकर सुरक्षा दल को सौंप दिया गया।

हालांकि, उड़ान में यात्रियों द्वारा बदसलूकी का यह पहला मामला नहीं है। 26 नवंबर 2022 को एयर इंडिया (AI) के यात्री द्वारा महिला से बदसलूकी मामले में डीजीसीए ने एयरलाइन पर जुर्माना लगाया था। डीसीसीए ने नियमों के उल्लंघन के लिए एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। उड़ान के पायलट-इन-कमांड के लाइसेंस को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल रहने के लिए तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था। इसके साथ ही एआई की निदेशक-इन-फ्लाइट सेवाओं पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

दरअसल, 26 नवंबर 2022 को न्यूयार्क से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में यात्री शंकर मिश्रा ने एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया था। इसके बाद शख्स के खिलाफ दिल्ली पुलिस के कहने पर आव्रजन ब्यूरो ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था।

इसके अलावा आरोपी के बारे में जानकारी लेने के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपी एस मिश्रा के एक रिश्तेदार से मिलने मुंबई पहुंची थी और पूछताछ भी की थी। इससे पहले एयर इंडिया ने अपने स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पर 30 दिन की यात्रा पाबंदी लगा दी थी। आरोपी को छह जनवरी को दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।

Related posts

Leave a Comment