सैनिक कालोनी के लोगों को चार वर्ष से नहीं भेजा गया पानी का बिल

फरीदाबाद : नगर निगम विकास कार्यो के लिए अपने खजाने में रुपये नहीं होने का रोना रोता रहता है। किंतु हैरानी की बात है कि शहरवासियों से पेयजल-सीवर आदि के बदले लिया जाने वाला शुल्क ही नहीं वसूला जा रहा है। ऐसा ही मामला शहर की सबड़े बड़ी और पाश माने जानी वाली सैनिक कालोनी का है। यहां निगम की ओर से लगभग चार वर्षो से पानी के शुल्क का बिल ही नहीं भेजा है। लोग बिल भरने को तैयार हैं, साथ ही लोगों ने नए कनेक्शन लेने के लिए नगर निगम से संपर्क किया है। इससे स्पष्ट है कि निगम अधिकारी न तो राजस्व वसूली पर ध्यान दे रहे हैं और न ही नए कनेक्शन देने पर ही। नगर निगम सैनिक कालोनी के लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की वसूली कर सकता है।
बता दें कि सैनिक कालोनी में इस समय पानी के 2500 कनेक्शन वैध हैं। लगभग दो हजार लोग चाहते हैं कि उन्हें भी कनेक्शन दे दिए जाए। बड़ी संख्या में लोगों ने नगर निगम में पानी कनेक्शन लेने को आवेदन किया हुआ है, मगर अब तक इसे मंजूरी नहीं मिल पाई है। स्थानीय लोगों ने इस बारे में अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह से मिलकर मांग की है कि उन्हें पानी कनेक्शन दिया जाएं।

अवैध कनेक्शन की शिकायत भी की :

बौद्ध विहार बूस्टिग स्टेशन से सैनिक कालोनी में पानी की आपूर्ति की जाती है। इसी बूस्टिग से कल्याणपुरी के लगभग 500 लोगों ने लाइनों से अवैध रूप से कनेक्शन लिया हुआ है। सैनिक कालोनी के लोगों ने कहा कि इन अवैध कनेक्शन के कारण सैनिक कालोनी के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।


हमने कई बार नगर निगम से मांग की है कि कालोनी के सभी कनेक्शन वैध किए जाएं। जिनके कनेक्शन वैध हैं, वे शुल्क देने को तैयार हैं। शिविर लगा कर निगम वसूली कर सकता है।

अनिल अरोड़ा, सैनिक कालोनी निवासी।


कालोनी के बहुत से लोगों को कई वर्षो से बिल नहीं भेजे गए हैं। नगर निगम अधिकारियों से कालोनी में शिविर लगाने को कहा गया है।

राकेश भडाना, निवर्तमान पार्षद।


सैनिक कालोनी के लोगों को पानी कनेक्शन देने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। सीवर और पानी का सारा रिकार्ड आनलाइन किया जा रहा है। लोगों को बिल भी भेजे जाएंगे।

Related posts

Leave a Comment