दिल्ली जा रही डबल डेकर बस में महिला से रेप

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक महिला के साथ चलती बस में रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बस के हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना मथुरा के मांट टोल प्लाजा के पास की है। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस में सफर कर रही महिला के साथ बस के हेल्पर ने रेप किया। महिला ने खुद ही पुलिस को फोन करके पूरी बात बताई जिसके बाद पुलिस ने बस रुकवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, महिला दिल्ली की रहले वाली है और डबल डेकर बस में लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। तभी सुबह 5 बजे टोल प्लाजा मांट के पास चलती बस में बस के हेल्पर ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

रेप की धाराओं में केस दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
मांट के क्षेत्राधिकारी रविकांत पराशर ने एनबीटी ऑनलाइन से बताया, ‘घटना शनिवार सुबह 5 बजे के आसपास की है। आरोपी के खिलाफ रेप की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।’ मांट थाने के प्रभारी भीम सिंह जावला ने भी एनबीटी ऑनलाइन से बातचीत में रेप की धाराओं में केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।

टोल प्लाजा पर बस रुकते ही महिला ने दिखाई हिम्मत
हैरानी की बात है कि इस बस में करीब 40 लोग सफर कर रहे थे, मगर किसी को चलती बस में रेप जैसी घटना की भनक तक नहीं लगी। चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही बस मांट टोल प्लाजा पर रुकी तो महिला ने हेल्पर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बस में बैठे यात्री हैरान रह गए। जब उन्होंने महिला से पूछा तो पता चला कि आरोपी हेल्पर ने महिला के साथ रास्ते में रेप किया है। पुलिस ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सारी बात बताई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने बस को रुकवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Related posts

Leave a Comment