दिल्ली में खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचा यमुना का जलस्तर, कल कर सकता है पार

दिल्ली में बाढ़ दस्तक दे सकती है. यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है. नदी का जलस्तर 205.18 मीटर पर पहुंच चुका है. दिल्ली में यमुना के जलस्तर पर खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है. बता दें कि जब यमुना चेतावनी के स्तर के ऊपर बहती है तो बाढ़ की स्थिति या चेतावनी घोषित की जाती है. इसी के साथ डूब क्षेत्र और बाढ़ संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाता है. निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने 34 नावों और सचल पंपों को तैनात किया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई. प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है क्योंकि क्षेत्र में और बारिश होने की संभावना है. दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, पुराने रेलवे पुल पर सुबह आठ बजे जलस्तर 203.86 मीटर था और गुरुवार सुबह आठ बजे यह 204.29 मीटर दर्ज किया गया था.

शनिवार को खतरे के निशान को पार करता है यमुना का जलस्तर

एक अधिकारी ने कहा, ”यमुना में जल के और अधिक बढ़ने की संभावना है और शनिवार सुबह तक जल स्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है.” बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने गुरुवार को अपराह्न तीन बजे हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज से करीब 2.21 लाख क्यूसेक और मध्य रात्रि 12 बजे करीब 1.55 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना दी. गौरतलब है कि बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने में आमतौर पर दो से तीन दिन लगते हैं. केंद्रीय जल आयोग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार सुबह नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर सकता है.

Related posts

Leave a Comment