औद्योगिक नगरी में सरेआम पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर एक घंटे में तीन लूट

फरीदाबाद : औद्योगिक नगरी में बुधवार दोपहर एक घंटे के दौरान हुई तीन लूट ने शहरवासियों को चिंता में डाल दिया। दिनदहाड़े हुई वारदात स्थल से सेक्टर-15 व सेक्टर-14 की पुलिस चौकी भी चंद कदम दूरी पर हैं। इसलिए साफ पता चलता है कि बदमाशों के अंदर पुलिस का कितना खौफ है। पहली वारदात सेक्टर-15 कैनरा बैंक में हुई। यहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर बैंक की महिला कैशियर से 1.84 लाख रुपये लूट लिए। दूसरी वारदात सेक्टर-14 में हुई। यहां एक महिला से पिस्तौल के दम पर पांच हजार रुपये लूट लिए। भागते हुए इसी बदमाश ने आगे पिस्तौल के बल पर एक युवक से उसकी बाइक लूट ली।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दावा है कि दोनों मामलों में आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मार्केट में बैंक, सामने पुलिस चौकीसेक्टर-15 की मार्केट अति व्यस्त रहती है। मार्केट में काफी लोग खरीदारी के लिए मौजूद रहते हैं। मार्केट के बिल्कुल सामने पुलिस चौकी है। यहीं पर कैनरा बैंक भी है। करीब 12.35 बजे तीन नकाबपोश बदमाश बैंक के अंदर घुसे। उस समय बैंक में इक्का-दुक्का ही ग्राहक थे। उन्होंने बैंक की महिला कैशियर को पिस्तौल दिखाते हुए कैश देने को कहा। महिला डर गई। सामने जितना कैश पड़ा था दे दिया। इसे लेकर बदमाश बैंक की साइड वाली गली में खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। बैंक में सुरक्षाकर्मी नहीं था, इसलिए दिक्कत भी नहीं हुई। बैंक व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों बदमाश आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर एसीपी सेंट्रल महेंद्र वर्मा, एसएचओ सेंट्रल सहित क्राइम ब्रांच-85, क्राइम ब्रांच-65, क्राइम ब्रांच-48, क्राइम ब्रांच-30 व क्राइम ब्रांच-सेंट्रल के प्रभारी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। पुलिस का दावा है कि आरोपितों के बारे में अहम सुराग मिले हैं, पहचान शुरू कर दी है। एटीएम के अंदर बैठा था बदमाश

दूसरी वारदात दोपहर करीब एक बजे सेक्टर-14 में हुई। यहां इंडसइंड बैंक के एटीएम में सेक्टर-15 निवासी महिला ने पांच हजार रुपये निकाले। एटीएम के अंदर ही अनजान युवक बैठा था। उसने महिला को पिस्तौल दिखाई और पांच हजार रुपये लूट लिए। वह जैसे ही भागने लगा, महिला ने शोर मचा दिया। बाहर खड़े अशोक शर्मा व राज सिंह यादव बदमाश के पीछे भागे, लेकिन उसने पिस्तौल दिखा दी। इस पर दोनों वहीं रुक गए। कुछ दूरी पर सामने से आ रहे बाइक सवार सुशील कुमार को पिस्तौल के दम पर बदमाश ने रोक लिया। गाली देते हुए उसे बाइक देने को कहा। सुशील डर गया और बाइक दे दी। बदमाश इसी बाइक से फरार हो गया। अशोक शर्मा व राज सिंह ने दोबारा बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह काफी दूर निकल चुका था। सुशील कुमार ने बताया कि वह कंपनी के काम से यहां आया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर आई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित एक आटो में सवार होकर आया था। आटो चालक से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने आरोपित को सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल से बिठाया था। आरोपित के पास एक बैग था जो वह आटो में ही छोड़कर भाग गया। इस बैग से पुलिस को अहम जानकारी मिली है। उसकी पुख्ता पहचान हो गई है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बैंक व एटीएम में सुरक्षाकर्मी जरूर होने चाहिए। इस बारे में कई बार पत्राचार किया जा चुका है। बैंक व एटीएम में महिला के साथ हुई लूट में आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

-महेंद्र वर्मा, एसीपी सेंट्रल सरेआम लूट की हुई तीन वारदात से पता चलता है कि अब पुलिस का बदमाशों के अंदर खौफ नहीं है। इस तरह की वारदात से शहरवासी चितित होते हैं। पुलिस को इन घटनाओं से सबक लेना चाहिए। पुलिस चौकी के थोड़ी दूरी पर हुई वारदात पुलिस के सामने चुनौती है। आरोपित जल्द गिरफ्तार होने चाहिए और ऐसी वारदात दोबारा न हो, इसके इंतजाम पुख्ता होने चाहिए।

Related posts

Leave a Comment