सर्विस रिवाल्वर से कॉन्स्टेबल ने पत्नी को मारी गोली, मुंह बोले भाई से बात करने पर करता था शक

शंका के चलते आदमी संयम खो देता है। दो दिन पहले प्रेम संबंध के शक में कुछ महिलाओं ने आदिवासी क्षेत्र बेकरिया क्षेत्र की एक विधवा महिला की बेरहमी से पिटाई की। वहीं पुलिस के एक जवान ने शक के चलते अपनी पत्नी पर सर्विस रिवाल्वर से फायर कर दिया। हालांकि गोली लगने के बावजूद महिला बच गई और उसका उपचार उदयपुर के एमबी अस्पताल मं जारी है।

इधर, घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर खेरवाड़ा और पहाड़ा थानाधिकारी पुलिस जाब्ता सहित मौजूद हैं। आरोपी पुलिसकर्मी की तलाश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पत्नी पर फायरिंग का मामला जिले के पहाड़ा क्षेत्र के नया गांव का है। जहां रविवार सुबह आठ बजे टीडी थाने में तैनात कांस्टेबल कारछा निवासी मुकेश सालवी ने पत्नी खुशबू पर फायर कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी शक करता था। कंधे में लगी गोली से महिला घायल हो गई। जिसे परिजन उदयपुर के एमबी अस्पताल लेकर आए, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। इस फायरिंग के बाद आरोपी सिपाही मुकेश मौके से भाग निकला था।

बताया गया कि आरोपी कॉन्स्टेबल मुकेश सालवी की पत्नी खुशबू ने पड़ोस में रहने वाले युवक को अपना भाई बना रखा था। वह अकसर उससे बात करती थी। जबकि मुकेश को यह अच्छा नहीं लगता था। इस बात को लेकर इनके बीच पहले भी विवाद हुआ था और दोनों के बीच अनबन इतनी बढ़ गई कि खुशबू चार महीने से अपने पीहर नया गांव में रहने लगी।

इसी बात से मुकेश भी नाराज था। वह रविवार सुबह कार से ससुराल पहुंचा। यहां पत्नी को देखते ही उसने पीछे से फायर कर दिया। गोली उसके सीधे हाथ के कंधे पर लगी और वह नीचे गिर गई। घर का आंगन खून से सन गया।

फायरिंग की जानकारी मिलते ही ग्रामीण खुशबू के घर के बाहर जुट गए। भीड़ को देख मुकेश ने कार से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने कार की हवा निकाल दी। इसके बावजूद वह वहां से भागने में सफल हो गया। पुलिस ने बताया कि रिवाल्वर विभागीय थी, हालांकि अभी तक यह पता नहीं लगा कि फायरिंग में उपयोग ली रिवाल्वर उसी की थी या उसने किसी से ली थी।

Related posts

Leave a Comment