फरीदाबाद : आटो में यात्रियों के पर्स व आभूषण चोरी करने वाली दो महिला गिरफ्तार

फरीदाबाद : आटो में सहयात्री महिलाओं के पर्स या आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला कल्याणपुरी दिल्ली निवासी गुंजन व जमना हैं। दोनों ने शहर में पांच वारदात करना स्वीकार किया है। इनके पास से क्राइम ब्रांच ने सोने की तीन चेन, एक पेंडेंट व 56 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है।

क्राइम ब्रांच का कहना है कि अभी इस तरह की और भी महिला चोर सक्रिय हो सकती हैं। इनके निशाने पर खासकर महिलाएं होती हैं। आटो में बैठने के बाद इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है।

क्राइम ब्रांच प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि हाल ही में इन महिलाओं ने सारन क्षेत्र में आटो में साथ बैठी एक महिला का पर्स चोरी कर लिया था। इस मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच ने दोनों महिलाओं को सेक्टर-10 में पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सारन के अलावा, आदर्श नगर, सेक्टर-7, मुजेसर और तिगांव क्षेत्र में भी उन्होंने एक-एक वारदात की हुई है। आरोपित गुंजन चोरी के मामले में पहले भी आटो में चोरी के मामले में जेल जा चुकी हैं। जमानत पर बाहर आते ही उसने फिर से चोरी शुरू कर दी।

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपित महिलाएं आटो स्टैंड के पास खड़ी हो जाती थीं। वहां सवारी का इंतजार कर रही महिलाओं पर बारीकी से नजर रखती थीं। देखती थीं किस महिला के गले में सोने की चेन है या भारी पर्स है। इसके बाद जैसे ही वह महिला आटो रुकवाती हैं तो दोनों उसके साथ ही सवार हो जाती है। चोर महिलाएं अपने साथ बच्चे रखती हैं जो सामने बैठी महिला का ध्यान बंटाने की कोशिश करते हैं। महिला का ध्यान बंटते ही दोनों उसके गले से सोने की चेन या पर्स उड़ा लेती। इसके बाद अगले स्टैंड पर उतरकर रफूचक्कर हो जाती हैं। कई बार ध्यान बंटाने के लिए ये सामने बैठी महिला के पैर में अपना पैर मारती थीं। कई बार चक्कर या उल्टी आने का भी बहाना करती थीं।

Related posts

Leave a Comment