PM मोदी ने 9 साल में 11 देशों की संसद को किया संबोधित, अमेरिकी संसद में बोलकर बनाएंगे रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (20-06-23) को अपने चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। पीएम मोदी की ये पहली अमेरिकी राजकीय यात्रा है। वहीं, यह उनकी छठी अमेरिकी यात्रा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन के आमंत्रण पर पीएम मोदी अमेरिका की यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा की खास बात ये है कि दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के ज्वाइंट सेशन को संबोधित करने वाले पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे।

वहीं, साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी 9 वर्षों में 11 विदेशी संसद को संबोधित कर चुके हैं। आइए, जानते हैं कि कब-कब पीएम मोदी ने विदेशी संसद को संबोधित किया है।

विदेशी संसद को संबोधित करने वाले भारतीय प्रधानमंत्री की फेहरिस्त काफी लंबी है। दिलचस्प बात है कि इस लिस्ट में नरेंद्र मोदी, बाकी प्रधानमंत्रियों से काफी आगे हैं। 22 जून 2023 को पीएम मोदी 12वीं बार विदेशी संसद को संबोधित करने वाले हैं।

इसके बाद दूसरे स्थान पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का नाम आता है, जिन्होंने दस वर्षों में सात बार विदेशी संसद को संबोधित किया। वहीं, तीसरे स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हैं, जिन्होंने चार बार विदेशी संसद को संबोधित किया।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राजीव गांधी ने दो-दो बार विदेशी संसद को संबोधित किया। पूर्व पीएम मोरारजी देसाई और वीपी सिंह ने एक-एक बार विदेशी संसद को संबोधित किया।

अमेरिकी कांग्रेस संसद को संबोधित करने वाले पीएम मोदी छठे प्रधानमंत्री हैं। सबसे पहले भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने साल 1949 में अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था। साल 1985 में राजीव गांधी को अमेरिकी संसद से संबोधित किया। साल 1994 में पीवी नरसिम्हा राव ने कांग्रेस संसद को संबोधित किया।

इसके बाद साल 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिकी संसद को संबोधित किया। मनमोहन सिंह ने साल 2005 में अमेरिकी संसद को संबोधित किया। इसके बाद साल 2016 में पीएम मोदी ने पहली बार अमेरिकी संसद को संबोधित किया। अब 22 जून को वो दूसरी बार ये कारनामा करने वाले हैं।

Related posts

Leave a Comment