हरियाणा रोडवेज आम आदमी का जहाज है : मूलचंद शर्मा

फरीदाबाद: परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा है कि आगामी 2022 में हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 809 नई बसों को शामिल किया जाएगा। इनमें 350 बसों में मोबाइल चार्जर प्वाइंट और इनवर्टर जैसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध होंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक और परिचालकों की पदोन्नति की गई है। यदि कर्मचारी ऐसे ही उत्कृष्ट कार्य करेंगे, तो उन्हें विभाग हर वर्ष सम्मानित करेगा।

विभाग और कर्मचारियों के हित में अच्छे कार्य करने पर गुलदस्ता देकर आभार प्रकट करने आए रोडवेज के कर्मचारी नेताओं को परिवहन मंत्री ने सेक्टर-8 में संबोधित किया।

परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज आम आदमी का जहाज है। रोडवेज के चालक और कंडक्टर विभाग की जान हैं। कोरोना के समय विभाग के चालक और कंडक्टरों ने आम लोगों की मदद बेहतर तरीके से की और उन्होंने पूरे देश में अपने विभाग की एक अलग पहचान बनाई। रोडवेज की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ अब कर्मचारी अदब से पेश आते हैं, जिससे विभागीय कर्मचारियों की छवि और कार्यशैली में सुधार हो रहा है।

Related posts

Leave a Comment