आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम पहला संबोधन, इन चैनलों पर प्रसारित होगा कार्यक्रम

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राजधानी दिल्ली से पूरे देश को संबोधित करेंगी. इस मौके पर राष्ट्रपति के तौर पर मुर्मू का देश के नाम यह पहला संबोधन होगा. वह हाल में ही भारत की राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं. भारत इस बार 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. राष्ट्रपति का संबोधन शाम सात बजे से दूरदर्शन के सभी चैनलों और आकाशवाणी (AIR) के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर पहले हिंदी में और फि‍र उसके बाद अंग्रेजी भाषा में किया जाएगा. 

दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा. आकाशवाणी के संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्कों पर रात साढ़े नौ बजे बजे क्षेत्रीय भाषाओं में राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण किया जाएगा.

देश की स्वतंत्रता के बाद जन्मी भारत की पहली राष्ट्रपति हैं द्रौपदी मुर्मू

बता दें कि द्रौपदी मुर्मू पिछले महीने 25 जुलाई को भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनी थीं. देश सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली मुर्मू सबसे कम उम्र की महिला हैं और आदिवासी समाज से आने वाली भी वह पहली हैं. द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी राष्ट्रपति हैं जिनका जन्म देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद हुआ था. 

देशवासियों को इंतजार, क्या बोलेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट के जरिये प्रतिक्रियाएं आती रहती हैं. अभी रक्षाबंधन के पर्व पर उन्होंने देशवासियों को बधाई दी थी. उन्होंने ट्वीट में लिखा था, ”भाई-बहन के बीच अटूट बंधन, स्नेह और विश्वास के प्रतीक, रक्षा बंधन के उल्लासपूर्ण अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. मेरी कामना है कि यह पर्व, हमारे समाज में मेल-जोल व सौहार्द को प्रोत्‍साहित करे और महिलाओं के प्रति सम्‍मान में वृद्धि करे.”

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का संबोधन सुनने के लिए देशवासी भी उतावले हैं क्योंकि वे पहली बार उनका संबोधन सुन रहे होंगे, इस बात को लेकर जिज्ञासा है कि राष्ट्रपति किन विषयों को संबोधन में शामिल करेंगी.

Related posts

Leave a Comment