फोन पर करती थी बात पति को हुआ पत्नी पर शक, गला घोटकर शव को लटकाया फंदे पर; हत्या को बताया आत्महत्या

अंबेडकरनगर के भीटी में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। महिला की मौत को परिजनों ने आत्महत्या बताया था, लेकिन जब पूछताछ हुई तो सच सामने आया। मृतका के पति ने ही आपसी विवाद के चलते पत्नी की गला घोट कर हत्या कर दी थी। आरोपी ने शव को फंदे पर लटका कर हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, अहिरौली के गांव रग्घूपट्टी के मजरे चकहासी के राम जगत यादव की बेटी सीमा यादव की शादी कटघरवा गांव के राजेश यादव से हुई थी। आरोप है कि फोन पर बात करने के कारण ससुरालीजन शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित करते थे। पति ने बुधवार की रात पिटाई कर सीमा की गला कसकर हत्या कर दी। घटना को खुदकशी दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने हत्या की बात को स्वीकार किया है। पुलिस ने पति राजेश समेत तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजेश को गिरफ्तार किया है। बता दें कि मंगलवार की रात कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस ने सीमा का शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में बरामद किया था।

बताया गया कि सीमा की हत्या का मुख्य कारण उस पर उसके पति का शक करना था। सीमा मोबाइल पर बात करती थी तभी उसके पति राजेश को शक हो गया था। सात साल पहले उपजे शक के कारण आए दिन दोनों में विवाद होता रहता था।

इसकी शिकायत सीमा ने कई बार मायके, अहिरौली और महिला थाने में की थी, लेकिन हर बार समझौता कर उसे ससुराल भेज दिया जाता था। लेकिन, सीमा जब कभी भी फोन पर बात करती थी तो पति शक कर विवाद करने लगता था। गत शनिवार को भी सीमा की बेरहमी से पिटाई कर राजेश ने घर से निकाल दिया था।

सीमा ससुराल से आठ किलोमीटर दूर मायके पहुंच गई और पिता को आपबीती सुनाते हुए कभी भी ससुराल नहीं जाने की बात पर अडिग हो गई। थोड़ी देर बाद राजेश भी पहुंच गया। उसने गलती की माफी मांगी और सीमा को साथ ले आया।

वारदात के घंटों बाद आरोपी द्वारा थाने, पीआरवी व मायके के बजाय जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। यहीं से पुलिस को भी शक हो गया। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो आरोपित राजेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या करना बताया, जबकि परिस्थितियां हत्या की तरफ स्पष्ट इशारा कर रही थी। पुलिस ने जांच व कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपित ने राज उगल दिए।

Related posts

Leave a Comment