दिल्ली में बीते 23 सालों में सबसे भीषण ठंड जानें अन्य राज्यों का हाल…

उत्तरभारत में शीतलहर जारी है। IMD के मुताबिक, 23 साल में दिल्ली में तीसरी बार इतनी भीषण ठंड पड़ी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राजधानी में 14 जनवरी से फिर से ठंड बढ़ सकती है। इसके साथ ही विभाग ने बुधवार और गुरुवार को पंजाब और हरियाणा में बारिश होने की संभावना जताई है।

हिमाचल के कई इलाकों में मंगलवार को पारा माइनस में रहा। मंडी जिला में तापमान -2 तक पहुंचा। ​​11 बजे तक लोग कोहरे की चपेट में रहे। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से प्रदेश में बुधवार रात से मौसम करवट बदलेगा। दोपहर बाद से प्रदेश में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान के मुताबिक, किन्नौर, लाहौल स्पीति और कुल्लू जिले के ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात का यलो अलर्ट रहेगा। शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भी अगले 3 दिन भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़: उत्तर की ठंडी हवा का असर रहेगा

छत्तीसगढ़ में उत्तरी हवा का असर अब भी है। पिछले 48 घंटे में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रात के तापमान में थोड़ी कमी हो सकती है, लेकिन अगले एक हफ्ते तक ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

उत्तरी छत्तीसगढ़ में रविवार रात तक शीतलहर चली। सोमवार रात भी ठंडी ही थी लेकिन मंगलवार को ठंड पिछले चार-पांच दिन की तुलना में कम हो गई। रायपुर में रात का तापमान 11.5 डिग्री हो गया, यानी पारा लगभग 2 डिग्री चढ़ा। राज्य में कवर्धा अब भी सबसे ठंडा चल रहा है। वहां मंगलवार को सुबह साढ़े 5 बजे तापमान 4.3 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि चिल्फी घाट में यह 2 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश में उत्तर की ठंडी हवा का असर रहेगा। लेकिन यहां हवा की रफ्तार बिल्कुल कम है, इसलिए ज्यादा ठंड नहीं लगेगी।

पंजाब: आज और कल बारिश हो सकती है

पंजाब में लगातार दूसरे दिन बठिंडा सबसे ठंडा जिला रिकार्ड हुआ, यहां फिर अधिकतम पारा 9 डिग्री तक गिरा व न्यूनतम पारा भी 2.4 डिग्री यही पर सबसे कम रिकाॅर्ड किया गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के उपरी हिस्सों में बर्फबारी और बारिश के आसार बन चुके हैं। इसका असर पंजाब में भी होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार को यहां बारिश हो सकती है।

बिहार: 8 जिलों में सीवियर कोल्ड डे रहा

बिहार के सभी हिस्से में बर्फीली हवाओं की वजह से ठंड का प्रभाव जारी है। मंगलवार को भागलपुर, बांका, सीवान, मोतिहारी, फारबिसगंज, नवादा सहित आठ जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रही। जबकि, पटना, छपरा सहित 22 जिलों में कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक 13 जनवरी तक तापमान में गिरावट होगी। मंगलवार को बिहार में दिन में सबसे ठंडा वाल्मीकिनगर रहा जहां का तापमान 11.2 डिग्री रहा।

बिहार के लगभग 26 जिलों में दिन में भी हल्की धूप निकल रही है, लेकिन उसमें तपिश कम होने की वजह से ठंड से राहत नहीं है। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी होने की वजह से बिहार के सभी हिस्से में ठंड का असर दिख रहा है। ये स्थिति 13 जनवरी तक रहने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 जनवरी के बाद तापमान में वृद्धि होगी।

( जब न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम और अध‍िकतम तापमान सामान्‍य के मुकाबले 4.5 डिग्री कम होता है तो इसे कोल्‍ड-डे कहते हैं। वहीं, जब न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम, लेकिन अध‍िकतम तापमान सामान्‍य के मुकाबले 6.4 डिग्री से कम होता है तो इसे सीवियर कोल्‍ड डे कहते हैं।)

Related posts

Leave a Comment