इंदौर में अमित शाह ने कमलनाथ को बताया करप्शननाथ, कांग्रेस सरकार ने बंद की थी शिवराज की 51 योजनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए देवी अहिल्या बाई होल्कर को याद किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई गणमान्य नेता मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता का ह्रदय से धन्यवाद करता हूं कि जिसने भाजपा पर कृपा करके, भाजपा की झोली वोटों से भर दी। आज कार्यकर्ताओं का ये उत्साह बता रहा है कि 2023 और 2024 के चुनाव में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं से आह्वान करने आया हूं। एक प्रकार से विधानसभा चुनाव 2023 की आज यहां शुरुआत हो जा रही है। पूरे मध्य प्रदेश में और हर संभाग में इसी तरह के सम्मेलन होने हैं और मध्य प्रदेश में सबसे पहला सम्मेलन मालवा प्रदेश में हो रहा है।गृह मंत्री ने कहा, आज मोदी जी ने दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। हर जगह सिर्फ मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं और ये नारे मध्य प्रदेश, भारत और देश की 140 करोड़ जनता के सम्मान में लग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहले आए दिन पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया आते थे और गोलियां चलाकर चले जाते थे और केंद्र सरकार कुछ नहीं करती थी। मोदी सरकार आई और फिर पाकिस्तान ने उरी व पुलवामा में हमला किया, लेकिन वे भूल गए कि अब यहां यूपीए की नहीं, भाजपा सरकार है।

भाषण की बड़ी बातें:

  1. जनता का जोश से 2023 और 2024 के परिणाम तय है। 2024 में अभी 29 सीटें भाजपा को दीजिए।
  2. नौ सालों में समग्र दुनिया में मोदी ने भारत का झंडा बुलंद किया। विदेश में ये मोदी मोदी के नारे मोदी और भाजपा के लिए नहीं लग रहे। ये नारे भारत की जनता के सम्मान में लगते हैं।
  3. कांग्रेस की सरकार 70 सरकार चली, लेकिन गरीबों के लिए उन्होंने कुछ काम नहीं किया, भाजपा ने गरीब कल्याण के लिए ढेर सारे काम किए। यही कारण है कि आज मोदी जी गरीबों के मसीहा के रूप में जाने जाते हैं।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लटका रही थी, अटका रही थी और भटका रही थी, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में कोर्ट का फैसला आया और मोदी जी ने राम मंदिर का भूमिपूजन कर दिया। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह महाकाल लोक बनाना हो, चाहे काशी विश्वनाथ कोरिडोर बनाना हो, चाहे सोमनाथ का मंदिर बनाना हो, मोदी जी ने हमारे तीर्थों का उद्धार किया है। उन्होंने कहा, हर घर नल से जल के माध्यम से 60 लाख 22 हजार घरों में जल का कनेक्शन पहुंचा। आयुष्मान भारत के तहत 3 करोड़ 60 लाख गरीबों को 5 लाख तक का सारा स्वास्थ्य का खर्चा मुफ्त में देने का काम मोदी जी ने किया।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार डेढ़ साल चली और शिवराज की 51 योजनाएं बंद कर दी थी। कमलनाथ ने कोई इंडस्ट्री तो चालू नहीं की, लेकिन ट्रांसफर इंडस्ट्री चालू कर दी। बाद में शिवराज ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से विकास की तरफ ले जाने वाला राज्य बनाया। सर्व शिक्षा अभियान का बजट 8 गुना बढ़ाया।

अमित शाह ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ नहीं, वो करप्शन नाथ थे। वे मध्य प्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ का छोड़कर गए थे। लेकिन 2023 में मुख्यमंत्री शिवराज ने 3 लाख 14 हजार करोड़ का बजट पेश किया।

इंदौर में संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में इंदौर संभाग के नौ जिलों के 186 मंडल अध्यक्ष, 10311 बूथ अध्यक्ष सहित करीब 50 हजार कार्यकर्ता शामिल हुए।

Related posts

Leave a Comment