मणिपुर हिंसा को बड़ता देख पूर्व सेना प्रमुख ने जताई चिंता, केंद्र सरकार से की मांग ‘तुरंत ध्यान’ दे

मणिपुर में जारी हिंसा पर अब पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी चिंता जाहिर की है। पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने केंद्र सरकार से मणिपुर के हालात पर तुरंत ध्यान देने की अपील की है। वहीं एक रिटायर्ड सैन्य अधिकारी ने मणिपुर के मौजूदा हालात की तुलना सीरिया और लीबिया जैसे हिंसाग्रस्त देशों से कर दी है। बता दें कि एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी मणिपुर में हालात काबू में नहीं आ पा रहे हैं और अब हथियारबंद विद्रोहियों ने सुरक्षाबलों पर भी हमले शुरू कर दिए हैं। 

मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एल निशिकांत सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘मैं एक आम भारतीय हूं और एक रिटायर्ड जिंदगी जी रहा हूं। राज्य में कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। लोगों की जिंदगी, उनकी संपत्ति कभी भी किसी के द्वारा नष्ट की जा सकती है जैसे कि लीबिया, लेबनान, नाइजीरिया और सीरिया आदि देशों में। ऐसा लग रहा है कि मणिपुर को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। क्या कोई सुन भी रहा है?’

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल निशिकांत सिंह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पूर्व सेना प्रमुख वेद प्रकाश मलिक ने कहा कि ‘मणिपुर के एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल से बात हुई और वह बहुत दुखी थे। मणिपुर में कानून व्यवस्था पर शीर्ष स्तर पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।’ अपने इस ट्वीट के साथ वेद मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को टैग किया।

बता दें कि मणिपुर में बीती 3 मई को ट्राइबल सॉलिडेरिटी मार्च के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में अभी तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बीते गुरुवार को ही उपद्रवियों की एक भीड़ ने केंद्रीय मंत्री के आवास में आग लगा दी। केंद्र ने भारी संख्या में मणिपुर में सुरक्षा बलों की तैनाती की हुई है लेकिन केंद्र की काफी कोशिशों और शांति की अपील के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment